March 2, 2026
MCB: जूते नहीं पहनने पर 11वीं के छात्र की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

MCB: जूते नहीं पहनने पर 11वीं के छात्र की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल

Aug 25, 2025

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर (एमसीबी) जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शिक्षक द्वारा कक्षा 11वीं के छात्र की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना ब्लॉक भरतपुर के कोटाडोल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की है, जहां 21 अगस्त को एक छात्र को सिर्फ इसलिए पीटा गया क्योंकि वह जूते पहनकर स्कूल नहीं आया था।


शिक्षक ने डंडे से की पिटाई
जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र का नाम शुभकरण कुजूर है। संविदा शिक्षक महेंद्र प्रजापति ने छात्र पर डंडे से ताबड़तोड़ वार किए। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि छात्र दर्द से चीख रहा है, जबकि शिक्षक उसे लगातार पीट रहा है। पिटाई इतनी बेरहम थी कि छात्र के पैर और पीठ पर बेंत के गहरे निशान उभर आए। यह वीडियो देखकर लोग शिक्षक की इस हरकत पर गुस्सा जता रहे हैं।

थाने तक पहुंचा मामला, लेकिन शिकायत नहीं
घटना की सूचना कोटाडोल थाने तक पहुंची। हालांकि, शिक्षक ने छात्र से माफी मांग ली, जिसके बाद शुभकरण ने थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई। छात्र का कहना है कि वह शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहता, क्योंकि इससे स्कूल की पढ़ाई पर असर पड़ सकता है। इस बयान ने कई सवाल खड़े किए हैं कि आखिर बच्चे पर कितना दबाव है कि वह शिकायत करने से डर रहा है।

प्राचार्य का बयान
स्कूल के प्राचार्य गुड्डूराम किस्पोट्टा ने बताया कि घटना के समय वे स्कूल में मौजूद नहीं थे। वे ट्रेनिंग के लिए मनेंद्रगढ़ गए हुए थे। प्राचार्य ने इस मामले को गंभीरता से लेने की बात कही, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में ऐसी घटना ने स्कूल प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं।

शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) इस्माइल खान ने बताया कि इस मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। शिक्षा विभाग ने तत्काल एक जांच टीम गठित की है, जो सोमवार (25 अगस्त) को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। बीईओ ने कहा कि जांच के नतीजों के आधार पर शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

 

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix