
एमसीबी जिले में चोरी का खुलासा, 6 किलो चांदी समेत करीब 18 लाख का माल बरामद
एमसीबी जिले के पौड़ी थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब 18 लाख रुपए कीमत के 6 किलो चांदी के जेवरात सहित चोरी गया अन्य सामान बरामद किया है। इस मामले में एक युवक और दो नाबालिग आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है।

घर में घुसकर की गई थी चोरी
दरअसल, 03 फरवरी को पीड़ित सौरभ सरकार ने पौड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात आरोपियों ने रात के समय उनके घर में घुसकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर, सिक्के, लैपटॉप और मोबाइल फोन चोरी कर लिए हैं। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि केराडोल बस्ती क्षेत्र में राजिम बंसल (18 वर्ष) और दो नाबालिग संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची, जहां तीनों आरोपी झरिया देसमुख के घर के पास बैठे मिले।
घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा
पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।
चोरी का सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया सामान बरामद किया, जिसमें
•दो सूटकेस
•दो लैपटॉप
•चार मोबाइल फोन
•तीन पीतल की थालियां
•सोने-चांदी के जेवर और सिक्के
शामिल हैं। बरामद सामान की कीमत करीब 5 लाख रुपए आंकी गई है।

साड़ी में लिपटे मिले 6 किलो चांदी के जेवर
इस प्रकरण में बरामदगी के दौरान पुलिस टीम ने केराडोल साजा पहाड़ मुख्य मार्ग से लगी छोटी टेकरी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान एक पुरानी साड़ी में लिपटी वजनदार पोटली बरामद की। पोटली खोलने पर उसमें प्लास्टिक झोले में बड़ी मात्रा में नए चांदी के जेवर मिले।

18 लाख रुपए कीमत के जेवर जब्त
तौल कराने पर चांदी के जेवरों का कुल वजन 6 किलोग्राम पाया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 18 लाख रुपए आंकी गई है। बरामद जेवरों में करधन, पायल, सांठी, कंगन और चूड़ियां शामिल हैं।
वैधानिक कार्रवाई जारी
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में धारा 106 बीएनएसएस (भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता) के तहत चांदी के जेवरों को विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



