
दिल्ली : तिगड़ी एक्सटेंशन में चार मंजिला इमारत में भीषण आग, हादसे में तीन लोगों की मौत
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के तिगड़ी एक्सटेंशन क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक चार मंजिला मकान में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दमकल विभाग को आग लगने की सूचना लगभग शाम 6:30 बजे मिली। घटना स्थल गली के काफी भीतर होने के कारण फायर ब्रिगेड के वाहनों को पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद चार फायर टेंडर मौके पर भेजे गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
तीन लोगों की मौत
दमकल विभाग ने घटना में दो लोगों की मौत की प्रारंभिक पुष्टि की थी, जबकि दिल्ली पुलिस ने बाद में तीन मृतकों की जानकारी दी है। घटना में झुलसे तीन से अधिक लोग गंभीर हालत में बताए जा रहे हैं।
आग लगने का कारण अज्ञात
अब तक आग लगने का सही कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आग अचानक भड़की और देखते ही देखते पूरे बिल्डिंग में फैल गई।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



