
Mumbai: अंधेरी वेस्ट की 23 मंजिला इमारत में भीषण आग, दमकल की फुर्ती से 40 लोगों की बची जान
मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। अंधेरी वेस्ट स्थित वीरा देसाई रोड पर कंट्री क्लब के पास मौजूद सोरेंटो टावर नामक 23 मंजिला आवासीय इमारत में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों और ब्रीदिंग अपैरेटस की मदद से 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

अधिकारियों के अनुसार, आग सुबह करीब 10 बजे 16वीं मंजिल के रिफ्यूज एरिया से लगी, जो 10वीं से 21वीं मंजिल के बीच स्थित इलेक्ट्रिकल शाफ्ट तक फैल गई। आग की चपेट में वायरिंग, राउटर, शू-रैक और कुछ स्थानों पर लकड़ी का फर्नीचर भी आ गया।
4 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
फायर ब्रिगेड की कम से कम चार गाड़ियों और विशेष उपकरणों की मदद से सुबह करीब 11:37 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



