
मनेन्द्रगढ़: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की बस हादसे का शिकार, 54 जोड़े घायल
पोड़ी थाना क्षेत्र में नागपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ हादसा
मनेन्द्रगढ़ जिले में मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जब जनकपुर से रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जा रही एक दुर्गा बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नागपुर रेलवे स्टेशन के पास तेज रफ्तार बस सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। हादसे के समय बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे करीब 54 जोड़े सवार थे।
बस में सवार सभी यात्री घायल
हादसे में बस में बैठे सभी यात्री घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद घायलों को नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, हालांकि कई जोड़ों को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना पोड़ी थाना क्षेत्र के नागपुर चौकी अंतर्गत हुई। बस तेज गति में थी और नागपुर रेलवे स्टेशन के पास चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बस सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई और पलटते-पलटते बची।
हादसे के बाद चालक-कंडक्टर फरार
दुर्घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे घायल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने मौके पर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और बस को गड्ढे से निकलवाने की व्यवस्था की।
जांच में जुटी पुलिस, तलाश जारी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है और फरार चालक व कंडक्टर की तलाश जारी है। इस घटना ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक कार्यक्रमों में परिवहन व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



