जल जीवन मिशन में लापरवाही पर PHE विभाग की बड़ी कार्रवाई, 19 ठेकेदारों के 37 कार्य किए गए रद्द
रायपुर। जल जीवन मिशन (JJM) के तहत गंभीर लापरवाही और धीमी प्रगति सामने आने के बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 ठेकेदारों के 37 कार्य तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं। इन कार्यों की कुल अनुमानित लागत करीब 31.17 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह सख्त कदम जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की मासिक समीक्षा बैठक के बाद उठाया गया, जिसमें कोंडागांव कलेक्टर ने अनेक अनियमितताओं का संज्ञान लिया।

लापरवाही और अनियमितताओं के गंभीर मामले सामने आए
PHE विभाग के कार्यपालन अभियंता के अनुसार—
कई ठेकेदारों ने कार्य प्रारंभ ही नहीं किया, कई परियोजनाओं में प्रगति अत्यंत धीमी रही, जल आपूर्ति, पानी टंकी निर्माण और बोर खनन जैसे महत्वपूर्ण कार्य लंबित पड़े रहे। इन सबको देखते हुए विभाग ने अनुबंध तुरंत निरस्त करते हुए कठोर कार्रवाई का रास्ता चुना।
ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी
विभाग ने बताया कि—
23.38 लाख रुपये की अमानत राशि जब्त की जाएगी, सुरक्षा निधि भी राजसात की जाएगी और सभी संबंधित ठेकेदारों को आगामी निविदाओं में भाग लेने से प्रतिबंधित (ब्लैकलिस्ट) करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निरस्त कार्यों के लिए नई निविदा प्रक्रिया भी तेज़ी से जारी है।

इन फर्मों के कार्य निरस्त
कार्रवाई जिन ठेकेदारों पर हुई, उनमें शामिल हैं—
मेसर्स अदिती इन्फ्राबिल्ड, शैलेन्द्र सिंह भदौरिया, श्रीग कंस्ट्रक्शन, मेसर्स किसान बोरवेल्स, के.जी.एन. कंस्ट्रक्शन, मेसर्स आकार कंस्ट्रक्शन, श्री महेश विदवानी, मेसर्स आधार कंस्ट्रक्शन, कृतिशा इनकॉर्पोरेशन, मेरार्च ग्रीनवर्ल्ड सोलर वेयर्स प्रा.लि., जीआरडी बिल्डकॉन, आर.एम. डीलर्स, ब्रम्हेश कंस्ट्रक्शन, एम.डी. सर्विसेज, शुभम कंस्ट्रक्शन, बसंत कुमार साहू, वियाना इंफ्राटेलीकॉम, भारत इंफ्रा और गोयल एजेंसी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



