
PWD में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, EE और 2 SDO तत्काल प्रभाव से निलंबित
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्ती से अमल करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) में भ्रष्टाचार के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बीजापुर जिले में सड़क निर्माण कार्य में गड़बड़ी और गिरफ्तारी के बाद विभाग के एक कार्यपालन अभियंता (EE) और दो अनुविभागीय अधिकारियों (SDO) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजापुर के नेलसनार–कोडोली–मिरतुल–गंगालुर मार्ग के निर्माण कार्य में हुए कथित भ्रष्टाचार के मामले में गंगालूर थाने में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। विवेचना के दौरान प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग, संभाग सुकमा के कार्यपालन अभियंता हरनारायण पात्र, उपसंभाग क्रमांक-1 बीजापुर के अनुविभागीय अधिकारी प्रमोद सिंह तंवर और सेतु उपसंभाग जगदलपुर के अनुविभागीय अधिकारी संतोष दास को निलंबित किया गया है।
उप मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद आदेश जारी
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से तीनों अभियंताओं के निलंबन आदेश जारी किए गए। निलंबन अवधि के दौरान इनका मुख्यालय प्रमुख अभियंता कार्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन काल में तीनों अधिकारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

जांच जारी, आगे और कार्रवाई संभव
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि मामले की जांच जारी है और यदि अन्य अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



