
साइबर ठगी में बड़ी कार्रवाई: पुलिस ने पकड़े 3 म्युल खाता धारक, ₹8.65 करोड़ के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा
खैरागढ़। साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने तीन म्युल खाता धारकों को गिरफ्तार किया है। गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल से मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की, जिसमें ऑनलाइन साइबर ठगी तथा अन्य आपराधिक स्त्रोतों से प्राप्त भारी भरकम धनराशि के हेरफेर का खुलासा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, शाखा खैरागढ़ में संचालित तीन अलग-अलग खातों में कुल ₹8,65,16,376 के संदिग्ध ट्रांजेक्शन पाए गए। जांच में सामने आया कि यह रकम साइबर फ्रॉड से अर्जित अवैध धन थी, जिसे आरोपियों द्वारा अपने खातों में जमा कराया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी—
1. यज्ञदत्त यादव (29 वर्ष) निवासी खजरी, थाना घुमका, जिला राजनांदगांव
2. भोजराम वर्मा (29 वर्ष)
3. नारद रजक (28 वर्ष) निवासी नवागांव कला, थाना खैरागढ़

मामले में थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 519/25 धारा 317(2), 317(4), 318(4), 61(2)(A) भा.न्याय.स. एवं 66-D आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।विशेष अनुसंधान टीम (SIT) गठित कर संदिग्धों की सतत निगरानी की गई। मुखबिर की सूचना पर दबिश देते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने साइबर ठगी में शामिल होने की बात स्वीकार की। सभी को 15 नवंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच भी जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


