
बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, माओवादियों का हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा डंप बरामद
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। सघन सर्च अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा जमीन के भीतर छुपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री के एक बड़े डंप का खुलासा हुआ है। इस कार्रवाई से माओवादियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना उसूर क्षेत्र अंतर्गत कर्रेगुट्टा हिल्स के डोलीगुट्टा चोटी इलाके में कोबरा 204 और सीआरपीएफ 196 बटालियन की संयुक्त टीम एफओबी ताड़पाला घाटी क्षेत्र के घने जंगलों में तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध स्थानों की खुदाई करने पर माओवादियों द्वारा छुपाई गई भारी मात्रा में हथियार मरम्मत सामग्री, बीजीएल सेल निर्माण से जुड़ा सामान और विस्फोटक उपकरण बरामद किए गए।
दो प्रेशर IED बरामद
अभियान के दौरान माओवादियों की ओर से लगाए गए दो प्रेशर IED भी मिले, जिन्हें सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से लगाया गया था। कोबरा 204 की बम निरोधक टीम ने सतर्कता बरतते हुए दोनों IED को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

हथियार मरम्मत का पूरा जाल उजागर
बरामद सामग्री में हैंड फ्लाई प्रेस, बड़ी संख्या में बीजीएल सेल (छोटे, मध्यम और बड़े आकार), बीजीएल टेल, स्टील प्लेट, स्क्रू ड्राइवर, हैक्सा ब्लेड, प्लायर सहित हथियारों की मरम्मत में उपयोग होने वाले कई उपकरण शामिल हैं। इससे साफ है कि माओवादी इस इलाके में लंबे समय तक सक्रिय रहने की तैयारी कर रहे थे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



