
Surajkund झूला हादसा में Police का बड़ा एक्शन, कंपनी संचालक समेत 2 गिरफ्तार
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में शनिवार रात हुए भीषण झूला हादसे में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए झूला संचालित करने वाली कंपनी के मालिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, लोगों की जान बचाते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के परिवार के लिए सरकार ने बड़ी राहत राशि की घोषणा की है।
संचालक मोहम्मद शाकिर गिरफ्तार
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है। पुलिस ने ‘हिमाचल फन केयर’ कंपनी के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर (निवासी सिरमौर, हिमाचल प्रदेश) और एक अन्य आरोपी नितेश (निवासी मेरठ, यूपी) को गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ थाना सूरजकुंड में गैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शहीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद को ‘बलिदानी’ का दर्जा
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल ने शहीद इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की बहादुरी को सलाम किया। उन्होंने घोषणा की कि:
- शहीद के परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी।
- परिवार के एक योग्य सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी।
- इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद को आधिकारिक रूप से ‘बलिदानी’ का दर्जा दिया गया है।
हादसे की जांच के लिए हाई-लेवल कमेटी गठित
हादसे के तकनीकी कारणों का पता लगाने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) सतबीर मान की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी बनाई गई है। इस टीम में:
- डीसीपी एनआइटी और क्राइम ब्रांच के अधिकारी।
- YMCA यूनिवर्सिटी के मैकेनिकल एक्सपर्ट अरविंद गुप्ता।
- सिंचाई विभाग और HSVP के कार्यकारी अभियंता शामिल हैं।
यह टीम जांच करेगी कि क्या झूले के रखरखाव में लापरवाही बरती गई थी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई।
घायलों की स्थिति और मदद
हादसे में कुल 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 5 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। घायलों में फरीदाबाद पुलिस की एक महिला एएसआई और महिला सिपाही भी शामिल हैं। डीजीपी ने अस्पताल जाकर सभी घायलों का हाल-चाल जाना और उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



