
उदंती–सीतानदी अभ्यारण्य में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 शिकारी गिरफ्तार
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के उदंती–सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। कुल्हाड़ीघाट परिक्षेत्र के ओड़ सर्कल में कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने 6 शिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से शिकार में इस्तेमाल होने वाले खरगोश पकड़ने के फंदे, तीर–कमान और मछली पकड़ने के जाल बरामद किए गए हैं।
वन मंत्री के निर्देश पर सख्ती
राज्य में बढ़ते शिकार मामलों पर अंकुश लगाने के लिए वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर वन विभाग द्वारा लगातार एंटी स्नेयर वॉक अभियान चलाया जा रहा है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) के मार्गदर्शन में ड्रोन, ट्रैप कैमरे और सघन गश्त के जरिए निगरानी तेज की गई है।

ओडिशा–छत्तीसगढ़ के शिकारी धराए
इस कार्रवाई में ग्राम सुनाबेड़ा (ओडिशा) के 2 और ग्राम ओड़ के 4 शिकारी पकड़े गए हैं। वन विभाग ने दो अलग-अलग मामलों में पीओआर (प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट) दर्ज कर सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
कोर्ट में पेश, आगे भी चलेगा अभियान
गिरफ्तार सभी 6 आरोपियों को 7 जनवरी को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गरियाबंद के समक्ष पेश किया गया। वन विभाग का कहना है कि वन और वन्यप्राणियों की सुरक्षा के लिए गश्त अभियान और ज्यादा सख्त किया जाएगा, ताकि भविष्य में शिकार जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



