
कोरबा रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा: पेंटिंग के दौरान OHE लाइन की चपेट में आया कर्मचारी, हालत गंभीर
कोरबा। कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 स्थित यार्ड में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना राहत वैन पर चढ़कर पेंटिंग कार्य कर रहा कर्मचारी अचानक ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) लाइन की चपेट में आ गया, जिसमें वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और इसे रेलवे की बड़ी लापरवाही माना जा रहा है।
कर्मचारी की हालत गंभीर
जानकारी के मुताबिक पेंटिंग का काम लोकल पेटी ठेकेदार को दिया गया था। कर्मचारी वैन पर चढ़कर मरम्मत और पेंटिंग कर रहा था, तभी अनजाने में ऊपरी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। हादसे के तुरंत बाद आरपीएफ जवानों ने उसे जिला अस्पताल कोरबा पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

लापरवाही का आरोप
यार्ड में पेंटिंग और मरम्मत के काम के दौरान लाइन बंद रखी जाती है, लेकिन बताया जा रहा है कि घटना के समय किसी ने अचानक लाइन चालू कर दी, जिसके कारण यह दुर्घटना हो गई। रेलवे सिस्टम में ऐसी चूक को एक गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। आरपीएफ अधिकारी एस.के. शर्मा ने बताया कि घायल युवक का नाम श्याम चौहान (25 वर्ष) है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



