
Durg: मजदूर की मौत मामले में मकान मालिक पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
निर्माणाधीन मकान में सुरक्षा लापरवाही से हुआ हादसा
दुर्ग। जिले के धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम हिरेतरा में 14 नवंबर 2025 को हुए हादसे में अब जाकर अपराध दर्ज किया गया है। इस घटना में 25 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई थी। मर्ग जांच में यह सामने आया कि मजदूर की मौत निर्माण स्थल पर बरती गई गंभीर लापरवाही का नतीजा थी। इसके बाद पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
मजदूरी करने पहुंचा था युवक, हादसे में गई जान
मृतक की पहचान कमलनारायण ठाकुर, निवासी ग्राम पेण्ड्रावन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे कमलनारायण अपने साथियों के साथ ग्राम हिरेतरा स्थित डॉ. गुरूदेव चंदेल के निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने पहुंचा था। वहां मकान की नींव की खुदाई का काम चल रहा था।

जर्जर दीवार बनी मौत की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि निर्माण स्थल पर नींव के ठीक बगल में एक पुरानी और जर्जर मिट्टी की दीवार खड़ी थी। आरोप है कि इस खतरनाक दीवार को हटाए बिना ही मजदूरों से काम कराया जा रहा था। काम के दौरान दीवार ढह गई, जिसकी चपेट में आने से कमलनारायण की मौके पर ही मौत हो गई।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप
मर्ग जांच में यह भी सामने आया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। मजदूरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध, जांच जारी
घटना के बाद मर्ग कायम कर जांच की जा रही थी। जांच पूरी होने पर धमधा पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



