
कल्याण महाविद्यालय में उत्पात का मुख्य आरोपी नागपुर से गिरफ्तार, प्राचार्य कक्ष में की थी सरकारी दस्तावेजों की बर्बादी
भिलाई। कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-7 भिलाई में घुसकर उत्पात मचाने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस प्रकरण के मुख्य आरोपी आकाश कन्नौजिया को नागपुर से गिरफ्तार कर भिलाई लाया गया है। पुलिस के मुताबिक, 9 दिसंबर 2025 को जब महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में परीक्षा फॉर्म परीक्षण और हस्ताक्षर का कार्य चल रहा था, तभी कॉलेज का पूर्व छात्र आकाश कन्नौजिया अपने साथियों के साथ नारेबाजी करते हुए अवैध रूप से परिसर में घुसा।

प्राचार्य कक्ष में घुसकर किया था हंगामा
आरोपियों ने प्राचार्य कक्ष में घुसकर अश्लील गाली-गलौज, टेबल का कांच तोड़ना, सरकारी दस्तावेज फाड़ना, उन पर स्याही डालकर नुकसान पहुंचाना, और प्राचार्य की नेम प्लेट को विरूपित करने जैसी गंभीर हरकतें कीं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जूते की माला पहनाने का प्रयास किया और कार्यालय के अंदर धक्का-मुक्की कर भय का माहौल पैदा कर दिया, जिससे कॉलेज स्टाफ दहशत में आ गया।
पहले भी दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने पहले ही
- दीपक पाल (23 वर्ष)
- हरदीप पात्रे (22 वर्ष)
को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
दिल्ली भागते समय दबोचा गया मुख्य आरोपी
दुर्ग पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी आकाश कन्नौजिया दिल्ली भागने की फिराक में था। उसे नागपुर एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 14 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ अपराध
प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में धारा 191(2), 221, 296, 324(1), 61(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



