
महिला ने रेलवे ट्रैक पर दौड़ाई कार, 2 घंटे ठप रहा रेल यातायात
हैदराबाद: तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में गुरुवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवती ने रेलवे ट्रैक पर करीब 7 किलोमीटर तक कार दौड़ाई। इस घटना से बेंगलुरु-हैदराबाद रेल मार्ग पर करीब 2 घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। वायरल वीडियो में युवती को तेज रफ्तार में रेलवे ट्रैक पर कार चलाते देखा गया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
नशे में धुत थी ड्राइवर
बताया जा रहा है कि कार चला रही युवती नशे में थी। इंस्टाग्राम पर वायरल 12 सेकंड की एक रील में उसे रेलवे ट्रैक पर तेजी से कार दौड़ाते और इधर-उधर घुमाते देखा गया।

ऐसा लग रहा था जैसे वह ट्रैक को किसी समतल सड़क या ‘सबवे सर्फर’ गेम का हिस्सा समझ रही हो। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया।
रेलवे कर्मियों ने किया पीछा
रेलवे कर्मियों ने युवती का कुछ दूर तक पीछा किया। अंत में उसकी कार पटरियों से उतरकर पास के पेड़ों से टकरा गई, जिससे कार की खिड़कियां टूट गईं। रेलवे पुलिस ने तुरंत उसे बचाया और हिरासत में ले लिया। जांच में पता चला कि युवती शराब के नशे में थी। इस घटना के कारण बेंगलुरु-हैदराबाद रेल मार्ग पर ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं।
युवती की पहचान और पृष्ठभूमि
पुलिस ने कार चालक की पहचान लखनऊ निवासी रविका सोनी के रूप में की है, जो हैदराबाद में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत है।

प्रारंभिक जांच में वह मानसिक रूप से परेशान लग रही थी और उसने स्थानीय लोगों को चाकू से धमकाने की भी कोशिश की। पुलिस ने उसके वाहन से ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद किया है।
रेलवे ट्रैक पर गाड़ी चलाना गंभीर अपराध
रेलवे ट्रैक पर गाड़ी चलाना भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 329 (क्रिमिनल ट्रेसपास) के तहत दंडनीय अपराध है। इसके तहत 3 महीने तक की जेल या 5 हजार रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। रेलवे संपत्ति को गंभीर नुकसान होने पर सजा और जुर्माने की राशि कोर्ट के फैसले पर निर्भर करती है। इस घटना से न केवल रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचा, बल्कि दो मालगाड़ियां और दो यात्री ट्रेनें प्रभावित हुईं, जबकि 10-15 ट्रेनों का मार्ग बदलना पड़ा।
मानसिक स्थिति और जांच
रेलवे पुलिस की एसपी चंदना दीप्ति के अनुसार, युवती आक्रामक थी और मानसिक रूप से परेशान लग रही थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या वह आत्महत्या की योजना बना रही थी। उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है, और रेलवे पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



