
महासमुंद में युवक की चाकू मारकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सोमवार शाम एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत शीतली नाला स्थित देसी शराब दुकान के पास हुई। मृतक की पहचान शेर गांव निवासी 22 वर्षीय जितेंद्र साहू के रूप में हुई है।

खरीदारी के दौरान हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे जितेंद्र साहू अपने भाई रोहित साहू के साथ महासमुंद शहर खरीदारी करने आया था। जितेंद्र शीतली नाला स्थित देसी शराब दुकान के पास उतर गया, जबकि उसका भाई रोहित बाजार की ओर चला गया।

लौटने पर भाई ने देखा खून से लथपथ हाल
कुछ देर बाद जब रोहित वापस लौटा, तो उसने देखा कि जितेंद्र लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है। उस समय नाबालिग आरोपी कृष्ण कुलदीप उर्फ माकनू, दिलीप बघेल और अरुण उर्फ छोटू कुमार उसके साथ झगड़ा कर रहे थे।

इलाज के दौरान युवक की मौत
रोहित ने तत्काल सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को 108 एम्बुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
तीन आरोपी, एक नाबालिग सहित गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या के आरोप में एक नाबालिग सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह वारदात आपसी विवाद के बाद अंजाम दी गई। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों को बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत गिरफ्तार किया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



