
महासमुंद में गांजा तस्करी का खुलासा, 24 किलो गांजा के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार
महासमुंद जिले में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना कोमाखान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी में संलिप्त एक महिला और एक पुरुष सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

ओडिशा से गांजा लाकर कर रहे थे तस्करी
एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश प्राप्त हुए थे। इसी क्रम में जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति स्कूटी क्रमांक CG 07 CL 2661 से ओडिशा राज्य की ओर से गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर स्कूटी को रोका और पूछताछ के साथ वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी में रखे दो कार्टूनों से अवैध गांजा बरामद किया गया।
24 किलो गांजा समेत वाहन और मोबाइल जब्त
पुलिस ने मौके पर ही विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपियों से
•24 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 12,00,000 रुपये)
•एक्टिवा स्कूटी (कीमत लगभग 50,000 रुपये)
•02 टच स्क्रीन मोबाइल फोन (कीमत लगभग 20,000 रुपये)
•नकद 1,000 रुपये
कुल 12 लाख 71 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपियों के विरुद्ध थाना कोमाखान में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों का कृत्य धारा 20बी(2)(सी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1.राजेश चौहान, पिता ढाल सिंह चौहान, उम्र 31 वर्ष
निवासी – राजीव नगर वार्ड-19, सुपेला, भिलाई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)
2.राजकुमारी बंजारे, पिता मोहन बंजारे, उम्र 35 वर्ष
निवासी – वार्ड-08, सुपेला, भिलाई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



