
Mahasamund : “आदि कर्मयोगी” तीन दिवसीय प्रशिक्षण का विधायक सम्पत अग्रवाल ने किया शुभारंभ
महासमुंद जिले में जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा “आदि कर्मयोगी” अभियान के तहत विकासखंड स्तर के मास्टर ट्रेनर्स के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन बसना विधायक सम्पत अग्रवाल ने किया। इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय बाहुल्य गांवों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है।

विधायक सम्पत अग्रवाल का संबोधन
मुख्य अतिथि विधायक सम्पत अग्रवाल ने आयोजन को संबोधित करते हुए कहा कि “आदि कर्मयोगी अभियान” वास्तव में एक परिवर्तनकारी राष्ट्रीय आंदोलन है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के दृष्टिकोण की मिसाल है। अग्रवाल ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर मास्टर ट्रेनर्स को अधिकारिक प्रशिक्षण देकर जिले के जनजाति समुदायों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सकेगा और उनकी समस्याओं को नजदीक से जाना जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब योजना धरातल पर बनेगी, जिससे जनसमुदाय भी क्रियान्वयन में प्रत्यक्ष रूप से जुड़ेगा।
धरती आबा एवं पीएम जनमन योजना का संयोजन
जिला पंचायत के सीईओ हेमंत नंदनवार ने बताया कि धरती आबा जनभागीदारी अभियान को जनजाति गौरव वर्ष की एक विशेष उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (कमार) के 77 बसाहटों के 940 परिवारों को आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन, बैंक खाता और प्रमाणपत्र जैसी जरूरी सेवाएँ मिल रही हैं। साथ ही चरणबद्ध विकास कार्यों के तहत बिजली, पानी, सड़क और पीएम आवास जैसी मूलभूत सुविधाएँ भी पहुँचाई गई हैं। धरती आबा अभियान से जिले के 308 जनजातीय बाहुल्य गाँवों में 17 मंत्रालयों की 25 योजनाएँ जमीन पर उतर रही हैं।
तीन स्तरीय अभियान ढांचा
- आदि कर्मयोगी: राज्य, जिला व ब्लॉक स्तर पर मास्टर ट्रेनर
- आदि सहयोगी: शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, डॉक्टर, युवा और सामाजिक नेता, जो ग्राम स्तर पर योगदान देंगे
- आदि साथी: वे हितग्राही जिन्हें योजनाओं का सीधा लाभ मिलना है

प्रशिक्षण में सहभागिता
इस पाठ्यक्रम में जिले के पांचों विकासखंडों से 50 मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया। प्रेरणादायक शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया और जिले की छह महिला अधिकारियों को राज्य स्तरीय विशेष प्रशिक्षण मिला है। प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 से 3 सितम्बर तक जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



