
महानदी पुल पर आत्महत्या की कोशिश, बुजुर्ग महिला को बचाया गया
रायपुर, 19 जुलाई 2025:
छत्तीसगढ़ के नवापारा में आज सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक बुजुर्ग महिला ने महानदी पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। समय रहते स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से महिला की जान बच गई।
पुल पर मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, नवापारा और राजिम को जोड़ने वाले महानदी पुल पर सुबह के समय कुमारी बाई सतनामी नाम की एक बुजुर्ग महिला ने नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने यह देखकर तुरंत हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही नवापारा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस और गोताखोरों ने किया रेस्क्यू
महिला नदी में कूदने के बाद तैरकर पुल के एक पिलर के पास पहुंच गई और वहां बैठ गई। नवापारा पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिला को तुरंत राजिम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
महिला की पहचान और जांच
पुलिस ने महिला की पहचान कुमारी बाई सतनामी, निवासी सुंदरनगर घोंट, के रूप में की है। महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने आत्महत्या की कोशिश क्यों की। पुलिस का कहना है कि महिला से पूछताछ के बाद ही इस घटना के कारणों का पता चल सकेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



