
महादेव घाट कॉरिडोर 8% कम लागत में बनेगा, मंजूरी के लिए नगर निगम ने सरकार को भेजा प्रस्ताव
रायपुर। नगर निगम रायपुर के चार प्रमुख प्रोजेक्ट्स में शामिल महादेव घाट कॉरिडोर का निर्माण तय अनुमानित बजट से करीब 8 प्रतिशत कम लागत में किया जाएगा। पहले जहां इस परियोजना के लिए 18 करोड़ रुपये का अनुमान लगाया गया था, वहीं टेंडर प्रक्रिया में कम दर आने के बाद यह काम अब 17 करोड़ 60 लाख रुपये में पूरा किया जाएगा। निगम ने टेंडर स्वीकृत कर रेट अप्रूवल के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।

अधिकारियों के अनुसार, शासन से मंजूरी मिलते ही भूमिपूजन कर नए साल से काम शुरू कर दिया जाएगा। महादेव घाट कॉरिडोर के साथ ही तेलीबांधा ट्रेड टॉवर, बूढ़ापारा सीएसईबी ऑफिस से टिकरापारा होते हुए पचपेढ़ी नाका तक गौरवपथ और शहर के 18 चौक-चौराहों के विकास कार्यों के टेंडर भी स्वीकृत किए जा चुके हैं। इन सभी प्रोजेक्ट्स पर कुल मिलाकर लगभग 108 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पहली बार में आई बेहतर दरें
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश प्रोजेक्ट्स में पहली बार ही बेहतर दरें सामने आ गईं। केवल 18 जंक्शन (चौक-चौराहों) के टेंडर में दूसरी बार निविदा बुलानी पड़ी। गौरवपथ और 18 चौक-चौराहों का ठेका रायपुर कंस्ट्रक्शन को मिला है, जो इससे पहले यूथ हब चौपाटी का कार्य भी कर चुकी है।

तीन विभाग मिलकर करेंगे महादेव घाट कॉरिडोर का काम
महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किए जा रहे महादेव घाट कॉरिडोर के निर्माण में नगर निगम के साथ-साथ सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग (PWD) भी शामिल रहेंगे। इस परियोजना के लिए विधायक राजेश मूणत के निर्देश पर दो अलग-अलग आर्किटेक्ट से प्रस्ताव मंगवाए गए थे। योजना के तहत कॉरिडोर मार्ग में आने वाली दुकानों को हटाने के बजाय उन्हें उसी स्थान पर व्यवस्थित किया जाएगा, जबकि सामाजिक भवनों के रास्तों को कॉरिडोर से अलग रखा जाएगा। बताया गया है कि कॉरिडोर का कार्य महादेव घाट चौक के पास पेट्रोल पंप के सामने से शुरू किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन और शहरी सौंदर्यीकरण की दृष्टि से एक नई पहचान हासिल करेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



