
मध्य प्रदेश: सीएम मोहन यादव के काफिले में बड़ी चूक, डीजल में पानी मिलने से 19 गाड़ियां रुकीं
रतलाम में इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव के दौरान लापरवाही
प्रदेश के रतलाम में मुख्यमंत्री मोहन यादव के काफिले के साथ एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सीएम के काफिले में शामिल 19 से अधिक इनोवा गाड़ियां अचानक रास्ते में खराब हो गईं। शुरुआती जांच में यह तकनीकी खराबी मानी गई, लेकिन बाद में पता चला कि गाड़ियों में डीजल की जगह पानी भरा गया था। यह घटना रतलाम के डोसीगांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई, जहां से काफिले की गाड़ियों में ईंधन भरा गया था।
डीजल में पानी की मिलावट, प्रशासन में हड़कंप
जांच में खुलासा हुआ कि काफिले की गाड़ियों में भरे गए डीजल में लगभग 50% पानी था। उदाहरण के लिए, जिन वाहनों में 20 लीटर डीजल डाला गया था, उनमें से 10 लीटर पानी निकला।

एक ट्रक चालक ने भी उसी पेट्रोल पंप से 200 लीटर डीजल लिया था, जो कुछ ही दूरी पर बंद हो गया। इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पेट्रोल पंप को सील कर दिया और ईंधन के नमूने जांच के लिए भेजे।
बारिश या लापरवाही, क्या है कारण?
प्रशासन की प्रारंभिक जांच में संभावना जताई गई है कि बारिश के कारण पेट्रोल पंप के डीजल टैंक में पानी रिस गया हो। हालांकि, यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या पेट्रोल पंप पर ईंधन की गुणवत्ता की जांच के लिए कोई मानक प्रक्रिया थी?

साथ ही, आम लोगों को भी क्या ऐसा ही मिलावटी डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है? इस घटना ने पेट्रोल पंपों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
सीएम की सुरक्षा में बार-बार चूक
यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री मोहन यादव की सुरक्षा में लापरवाही सामने आई है। इसी महीने 20 जून को भोपाल में उनके काफिले में एक तेज रफ्तार कार घुस गई थी, जिसके बाद पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया था। उस मामले में मोटर व्हीकल एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की गई थी। इस बार की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर और सवाल उठाए हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



