
मधुमक्खियों का कहर: लकड़ी लेने गए SECL कर्मचारी की डंक से मौत, पत्नी ने भागकर बचाई जान
कोरिया। जिले के पंडोपारा क्षेत्र में शनिवार को हुई दर्दनाक घटना ने ग्रामीणों को दहला दिया। जंगल में लकड़ी लेने गए एसईसीएल (SECL) के एक कालरीकर्मी पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक अपनी पत्नी के साथ जंगल गया था, जहां अचानक मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा। पत्नी किसी तरह वहां से भाग निकली और ग्रामीणों को सूचना दी, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

जंगल में लकड़ी लेने गए दंपती पर हमला
जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी पत्नी के साथ पंडोपारा क्षेत्र के जंगल में लकड़ी इकट्ठा करने गया था। इस दौरान पेड़ों के झुंड में मौजूद मधुमक्खियों को किसी हलचल का आभास हुआ और उन्होंने अचानक दंपती पर हमला कर दिया।
पत्नी किसी तरह झाड़ियों में छिपकर भाग निकली और गांव पहुंचकर मदद की गुहार लगाई।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
ग्रामीणों की मदद से घायल कर्मचारी को तत्काल इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मधुमक्खियों के सैकड़ों डंक शरीर में धंस जाने से उसकी स्थिति बेहद गंभीर थी।
एक सप्ताह में दूसरी मौत से गांव में दहशत
गौरतलब है कि एक सप्ताह में मधुमक्खियों के हमले से यह दूसरी मौत है। पिछले दिनों भी एक ग्रामीण की इसी तरह की घटना में मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने आसपास के गांवों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीण अब जंगलों में लकड़ी या चारा लेने से कतराने लगे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



