
Bastar में ‘क्रूर’ हुई मैडम! चौथी के छात्र की बेरहमी से पिटाई, BEO ने तत्काल प्रभाव से शिक्षिका को हटाया
जगदलपुर| छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। बकावंड ब्लॉक के तारापुर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में एक सहायक शिक्षिका ने चौथी कक्षा के छात्र की इस कदर पिटाई की कि मासूम की आंख के नीचे गंभीर चोट आ गई। मामले के तूल पकड़ते ही शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित शिक्षिका को स्कूल से हटा दिया है।
मामूली बात पर आपा खो बैठी शिक्षिका
मिली जानकारी के अनुसार, तारापुर प्राथमिक शाला में पदस्थ सहायक शिक्षिका ने स्कूल के दौरान कक्षा चौथी के छात्र के साथ कथित तौर पर हिंसक व्यवहार किया। परिजनों का आरोप है कि शिक्षिका ने छात्र को बुरी तरह मारा, जिससे उसके चेहरे और आंख के निचले हिस्से में सूजन और गहरे जख्म के निशान बन गए। घायल छात्र को रोते हुए घर पहुंचते देख परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।

परिजनों ने अधिकारियों से की सीधी शिकायत
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने इसकी शिकायत बकावंड ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) से की। परिजनों ने मांग की कि ऐसी शिक्षिका को स्कूल में रहने का कोई हक नहीं है जो बच्चों के साथ दुश्मन जैसा व्यवहार करे। विभाग ने मामले की प्राथमिक जांच की और छात्र की चोटों को देखते हुए आरोपों को गंभीर माना।
BEO की त्वरित कार्रवाई: शिक्षिका का तबादला
बकावंड बीईओ ने प्रशासनिक स्तर पर त्वरित एक्शन लेते हुए शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से तारापुर शाला से हटा दिया है। छात्र की सुरक्षा और स्कूल के माहौल को ध्यान में रखते हुए उनका स्थानांतरण अन्य विद्यालय में कर दिया गया है। विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि आगे की जांच के आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



