February 21, 2026
मां की गिरफ्तारी से आहत युवक ने लगाई फांसी, इलाके में सनसनी

मां की गिरफ्तारी से आहत युवक ने लगाई फांसी, इलाके में सनसनी

Feb 21, 2026

तखतपुर। क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मां की गिरफ्तारी से आहत एक युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पंचनामा की कार्रवाई जारी है।

सर्पदंश के नाम पर चार लाख की सहायता राशि का मामला
जानकारी के अनुसार, ग्राम चना डोंगरी निवासी उर्वशी श्रीवास के खिलाफ सर्पदंश से मृत्यु के नाम पर फर्जी तरीके से आर्थिक सहायता राशि प्राप्त करने का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उर्वशी श्रीवास ने अपने पति पुरुषोत्तम श्रीवास की मृत्यु ‘सर्पदंश’ से होने का दावा करते हुए तखतपुर तहसीलदार को आवेदन प्रस्तुत किया था।
इस आधार पर शासन की ओर से चार लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर दी गई थी।

जांच में सामने आईं गंभीर विसंगतियां
प्रकरण की गहन जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। कलेक्टर संजय अग्रवाल के आदेश पर गठित तीन सदस्यीय जांच दल— जिसमें तहसीलदार, संबंधित थाना प्रभारी और चिकित्सा अधिकारी शामिल थे— ने अपनी रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताओं का खुलासा किया।
जांच में पाया गया कि जिस मर्ग क्रमांक 23/2022 का हवाला देकर सहायता राशि ली गई थी, वह वास्तव में किसी अन्य व्यक्ति शोभाराम कौशिक से संबंधित था, जिसने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। सरकारी अभिलेखों में पुरुषोत्तम श्रीवास के सर्पदंश से निधन का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।

फर्जी हस्ताक्षर और जालसाजी का खुलासा
मामले में एक और बड़ा खुलासा तब हुआ जब तत्कालीन तखतपुर तहसीलदार शशांक शेखर शुक्ला ने सहायता राशि जारी करने से संबंधित आदेश पत्र पर किए गए हस्ताक्षरों को फर्जी बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दस्तावेज पर मौजूद हस्ताक्षर उनके नहीं हैं और यह जालसाजी का मामला है।

जांच के दौरान मृतक के ससुर और साले के बयान भी दर्ज किए गए। उनके अनुसार, पुरुषोत्तम श्रीवास की मृत्यु घर पर हुई थी। सांप ने उसे लगभग 2-3 महीने पहले काटा था, जिससे वह लकवाग्रस्त हो गया था। मृत्यु के समय सर्पदंश जैसी कोई तात्कालिक घटना नहीं हुई थी और न ही पोस्टमार्टम कराया गया था।

महिला की गिरफ्तारी के बाद बेटे का आत्मघाती कदम
कूटरचित दस्तावेज, जाली हस्ताक्षर और शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप में तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने उर्वशी श्रीवास के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान महिला को थाने लाने के लिए उसके बेटे को कहा गया था। युवक मां को थाने छोड़कर घर लौटा, जिसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस जांच जारी, आत्महत्या पर आधिकारिक पुष्टि नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह ने महिला की गिरफ्तारी की पुष्टि की है, लेकिन युवक के आत्महत्या करने की जानकारी से इंकार किया है।

 

 

 

👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix