
ज्यादा मुनाफे का लालच पड़ा भारी: रिटायर्ड BSP अधिकारी से 37.50 लाख की ठगी, जीवनभर की जमा पूंजी गंवाई
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के एक सेवानिवृत्त अधिकारी को अधिक मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने 37 लाख 50 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित रिटायर्ड अधिकारी ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी निवेश के नाम पर गंवा दी।

मिली जानकारी के अनुसार, रिसाली निवासी निरंजन प्रसाद ने फरवरी 2024 में फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें बैंक से ज्यादा मुनाफा देने का दावा किया गया था। रिटायरमेंट के बाद मिली रकम को सुरक्षित निवेश करने की मंशा से उन्होंने विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।
4% मुनाफे का दिया गया झांसा
फोन पर बात करने वाले ठगों ने निरंजन प्रसाद को हर महीने 4 प्रतिशत लाभ देने का भरोसा दिलाया। ठगों की बातों में आकर उन्होंने अलग-अलग चरणों में उनके बताए गए खातों में कुल 37.50 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। यह रकम पुणे, चेन्नई और बेंगलुरु स्थित विभिन्न कंपनियों के नाम पर जमा करवाई गई।
शुरुआत में मिला लाभ, फिर ठगी का एहसास
शुरुआती कुछ महीनों तक पीड़ित को मुनाफे के तौर पर रकम भी मिलती रही, जिससे उनका भरोसा और गहरा हो गया। लेकिन चार महीने बाद अचानक लाभ मिलना बंद हो गया। जब उन्होंने संबंधित लोगों से संपर्क करने की कोशिश की तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिलने लगे।

पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
खुद को ठगा महसूस करने के बाद निरंजन प्रसाद ने नेवई थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी है। ठगों की पहचान और पैसों के ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



