
Mahasamund : LPG सिलेंडरों से भरे पिकअप में लगी भीषण आग
महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरे एक पिकअप वाहन में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पिकअप में रखे सिलेंडर तेज धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
धमाकों से दहला इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिलेंडरों के फटने की आवाजें इतनी तेज थीं कि आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सड़क पर चल रहे अन्य वाहन तुरंत रोक दिए गए और हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया।

राफेल चौक के पास हुई घटना
यह घटना सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के छुईपाली स्थित राफेल चौक के पास हुई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर यातायात को डायवर्ट कर दिया गया।
SDRF को बुलाया गया
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) को भी मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के दौरान किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रशासन ने संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर विनय कुमार लंगे ने पुलिस और प्रशासनिक अमले को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और लोगों को घटनास्थल से दूर रखा।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पिकअप में आग कैसे लगी और सिलेंडरों के परिवहन में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। प्रारंभिक तौर पर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



