
प्यार की जीत! MP की लड़की और CG के लड़के की थाने में शादी, पुलिस बनी बाराती
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले से प्यार, भरोसे और सामाजिक समरसता की एक अनोखी मिसाल सामने आई है। मध्यप्रदेश की युवती को छत्तीसगढ़ के युवक से प्यार हो गया। परिवार और समाज के विरोध के बाद प्रेमी जोड़ा घर से निकलकर सीधे पुलिस थाने पहुंच गया, जहां सुरक्षा की गुहार लगाई। इसके बाद थाना परिसर में ही मंडप सजा और पुलिसकर्मी बाराती बन गए।

जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के अनूपपुर निवासी मीरा सिंह और मरवाही क्षेत्र के धूम्माटोला बहरीझोरकी निवासी संजय सिंह एक-दूसरे से प्रेम करते थे और विवाह करना चाहते थे। परिजनों की असहमति के चलते दोनों ने मरवाही थाना पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा की मांग की।
पुलिस की समझाइश से बनी बात
थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक-युवती की उम्र और आपसी सहमति की जांच की। दोनों के बालिग होने और अपनी मर्जी से विवाह करने की पुष्टि होने के बाद दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया गया। पुलिस ने उन्हें कानूनी अधिकारों और सामाजिक पहलुओं की जानकारी देकर समझाइश दी, जिसका सकारात्मक असर हुआ।
थाने के शिव मंदिर में हुई शादी
परिजनों की सहमति मिलने के बाद मरवाही थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार मीरा और संजय का विवाह संपन्न कराया गया। इस खास मौके पर पुलिसकर्मी बाराती बने और शादी के साक्षी बने।

पुलिस बोली—कानून के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देना है। यह विवाह उसी दिशा में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल है।यह अनोखी शादी अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां पुलिस ने कानून के रखवाले के साथ-साथ इंसानियत का भी परिचय दिया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



