
लंदन: उद्योगपति संजय कपूर का दिल का दौरा पड़ने से निधन
लंदन/नई दिल्ली, 13 जून 2025
भारतीय ऑटोमोटिव उद्योग के दिग्गज और सोना कॉमस्टार के चेयरमैन संजय कपूर का गुरुवार, 12 जून 2025 को लंदन में निधन हो गया। वह 53 वर्ष के थे। उनकी कंपनी सोना कॉमस्टार ने बयान जारी कर बताया कि संजय कपूर की मृत्यु अचानक दिल के दौरे से हुई। कुछ अपुष्ट रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि पोलो मैच के दौरान मधुमक्खी के डंक से हुए हादसे के कारण उन्हें दिल का दौरा पड़ा। बिजनेस सलाहकार सुहेल सेठ ने X पर पोस्ट में कहा, “संजय का निधन इंग्लैंड में दिल के दौरे से हुआ, संभवतः पोलो मैच के दौरान मधुमक्खी निगलने के बाद।” हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

संजय कपूर पोलो टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए यूके गए थे। सोना कॉमस्टार ने अपने बयान में कहा, “हमें गहन दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि हमारे चेयरमैन संजय जे. कपूर का 12 जून 2025 को इंग्लैंड में अचानक दिल के दौरे से निधन हो गया।” संजय तीन बार विवाह कर चुके थे। उनकी पहली शादी 1996 में नंदिता महतानी से, दूसरी शादी 2003 में अभिनेत्री करिश्मा कपूर से, और तीसरी शादी 2017 में प्रिया सचदेव से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं: समायरा (19), कियान (13), और अजारियस।
निधन से कुछ घंटे पहले, संजय ने अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे पर सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया था। उनके निधन से उद्योग जगत में शोक की लहर है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



