
Dhamtari: कुरूद में सुबह-सुबह हॉकर से लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार
परीक्षा का पेपर ले जाते समय रास्ता रोककर की मारपीट, मोबाइल और नकदी लूटी
कुरूद। थाना कुरूद क्षेत्र में सुबह-सुबह हॉकर को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर ही आरोपियों को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पेपर ले जाते समय हुई वारदात
प्रार्थी अनमोल साहू पिता गोकुल राम साहू (19 वर्ष), निवासी ग्राम गाड़ाडीह, थाना कुरूद, जिला धमतरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21 जनवरी 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे वह परीक्षा का पेपर लेकर ऐडवेंचर स्कूल कुरूद के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्तियों ने, जिनके चेहरे कपड़े से ढंके हुए थे, उसका रास्ता रोक लिया।

गाली-गलौच और धमकी देकर की मारपीट
आरोपियों ने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडे से मारपीट की। इसके बाद उसके पास से Redmi 8A और POCO C71 मोबाइल फोन (कीमत करीब 15 हजार रुपये) तथा 2,000 रुपये नकद जबरन लूट लिए।
संघर्ष के दौरान हुई पहचान
लूट के दौरान प्रार्थी द्वारा विरोध करने पर दो आरोपियों के चेहरे से कपड़ा हट गया, जिसमें से एक की पहचान गौरव यादव उर्फ बंठा, निवासी कुरूद के रूप में हुई। तीसरे आरोपी का चेहरा ढंका होने के कारण उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कुरूद में धारा 126(2), 309(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गौरव यादव उर्फ बंठा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर अन्य दो आरोपी जीत भारती निवासी चरमुडिया और लीला राम ध्रुव निवासी गोडपारा कुरूद को चिन्हित कर थाने लाया गया।
लूटा गया सामान बरामद
कार्यपालन दंडाधिकारी के समक्ष पहचान परेड कराई गई, जिसमें प्रार्थी ने तीनों आरोपियों की पहचान की। आरोपियों के कब्जे से Honda Lio मोटरसाइकिल क्रमांक CG 05 AS 9336, Redmi 8A और POCO C71 मोबाइल फोन तथा 1,500 रुपये नकद राशि शत-प्रतिशत बरामद कर विधिवत जप्त की गई।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को अपराध क्रमांक 19/2026, धारा 126(2), 309(4) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



