
Durg: कपसदा में ATM में जमा होने जा रहे 14.60 लाख रुपये की लूट, बाइक सवार बदमाश फरार
दुर्ग। कुम्हारी क्षेत्र के कपसदा गांव में शनिवार देर रात बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। एटीएम में कैश जमा करने जा रहे एजेंसी के दो कर्मचारियों से 14 लाख 60 हजार रुपये लूट लिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गोयल स्कूल के पास हुई वारदात
एजेंसी के कर्मचारी रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच एटीएम में कैश डालने जा रहे थे।
कपसदा स्थित गोयल स्कूल के पास उन्हें रास्ते में बाइक सवार दो युवक गिरते हुए दिखाई दिए। प्रार्थी ने बताया कि जैसे ही वह उन्हें मदद करने गाड़ी से उतरा, तभी दोनों युवक अचानक उठे और मौके का फायदा उठाकर गाड़ी में रखे कैश बैग से पूरे 14.60 लाख रुपये निकालकर फरार हो गए।

कर्मचारी ने दी तत्काल सूचना, पुलिस ने शुरू की नाकेबंदी
घटना के बाद दोनों कर्मचारियों ने तुरंत कुम्हारी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी प्रमुख मार्गों पर फौरन नाकेबंदी प्रारंभ की और संदिग्ध बाइक सवारों की तलाश शुरू कर दी। हालांकि अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने बताया कि—
- घटना पूर्व-नियोजित लग रही है।
- आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
- लुटेरों ने कर्मचारियों की दिनचर्या और रूट की जानकारी पहले से जुटाई हो सकती है।
- पुलिस ने लुटेरों को जल्द पकड़े जाने का भरोसा जताया है।
कैश वैन सुरक्षा पर उठे सवाल
इस वारदात ने एक बार फिर कैश ट्रांसपोर्टेशन सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात इतनी बड़ी रकम लेकर बिना पर्याप्त सुरक्षा के कर्मचारियों का निकलना एजेंसी की लापरवाही माना जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



