
Korea : इंस्टाग्राम दोस्ती से शादी, ब्रेकअप और अपहरण तक पहुंचा मामला
सोशल मीडिया पर शुरू हुआ रिश्ता बना पुलिस कार्रवाई की वजह, 100 किमी पीछा कर आरोपियों को पकड़ा
कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से सोशल मीडिया के जरिए पनपी दोस्ती, प्यार, शादी और ब्रेकअप के बाद अपहरण का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस घटना ने न सिर्फ सोशल मीडिया पर बनने वाले रिश्तों पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि कानून-व्यवस्था को लेकर भी गंभीर स्थिति उत्पन्न कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरिया जिले की एक युवती इंस्टाग्राम का उपयोग करती थी। इसी दौरान उसकी दोस्ती मध्य प्रदेश में रहने वाले एक युवक से हो गई। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों साथ रहने लगे। कुछ समय बाद दोनों ने आपसी सहमति से शादी भी कर ली।
रिश्ते में आई दरार, युवती लौटी मायके
शादी के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में दोनों के रिश्ते में तनाव आ गया। आपसी विवाद के चलते युवती अपने मायके लौट आई और अंबिकापुर में एक दुकान में रहकर काम करने लगी।

युवक ने दोस्तों संग किया अपहरण
जब युवक को यह पता चला कि उसकी पत्नी अंबिकापुर में रहकर काम कर रही है, तो वह अपने कुछ दोस्तों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि युवक ने कार से युवती का जबरन अपहरण कर लिया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
100 किलोमीटर पीछा कर पुलिस ने दबोचा
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हुई और आरोपियों का पीछा शुरू किया। करीब 100 किलोमीटर दूर मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया और युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने इस मामले में अपहरण सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि युवती के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



