
Korba में नाबालिग पर चाकू से हमला, सात नाबालिग आरोपी हिरासत में
बातचीत के बहाने बुलाकर की मारपीट, प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश की आशंका
कोरबा। जिले के सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत पंप हाउस इलाके में एक नाबालिग पर चाकू से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बातचीत के बहाने बुलाकर एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने नाबालिग को घेर लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद एक नाबालिग आरोपी ने चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमले के बाद मची अफरा-तफरी
घटना के बाद पंप हाउस परिसर में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल नाबालिग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं और उपचार जारी है।

घटना को अंजाम देकर फरार हुए आरोपी
हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सीएसईबी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस घटना में शामिल सात नाबालिगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश की जांच
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश कारण हो सकता है। बताया जा रहा है कि पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर ही नाबालिग को बातचीत के बहाने बुलाया गया और इस वारदात को अंजाम दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



