
Korba-सक्ति मार्ग पर हादसा: स्कूल बस ने बाइक सवार को मारी टक्कर, ड्राइवर फरार
छत्तीसगढ़ के कोरबा-सक्ति मार्ग पर तिलकेजा के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक स्कूल बस ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। यह घटना उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया है, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुबह मंदिर दर्शन जा रहे युवक को मारी टक्कर
हादसा मंगलवार सुबह उस समय हुआ, जब स्वामी स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान कोरबा-सक्ति मार्ग पर तिलकेजा के पास तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार रेनखोल निवासी उत्तम यादव को टक्कर मार दी। उत्तम नवरात्र के अवसर पर सुबह मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उत्तम के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उत्तम को जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, उत्तम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि उत्तम को संभलने का मौका ही नहीं मिला।
बस में सवार बच्चे डरे, मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बस में 14 बच्चे सवार थे। टक्कर के बाद बस में बैठे बच्चे डर गए और चीख-पुकार मचाने लगे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने बच्चों को सुरक्षित निकाला और स्कूल प्रशासन को सूचित किया।
ड्राइवर की लापरवाही पर सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस ड्राइवर की लापरवाही इस हादसे का मुख्य कारण थी। उनकी माने तो बस तेज रफ्तार में थी, और ड्राइवर ने बाइक सवार को देखने के बावजूद गाड़ी नहीं रोकी। हादसे के बाद ड्राइवर के मौके से फरार होने से स्थानीय लोगों में गुस्सा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



