
कोरबा: जनरल परेड में गैरहाजिरी पर 127 नगर सैनिकों को नोटिस, विभाग में हड़कंप
कोरबा। जिला सेनानी कार्यालय द्वारा जारी किए गए नोटिसों ने नगर सैनिक विभाग में हड़कंप मचा दिया है। सप्ताह में दो दिन आयोजित होने वाली जनरल परेड में अनुपस्थित रहने पर 127 नगर सैनिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। इस कार्रवाई को लेकर सैनिकों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
बड़ी संख्या में महिला नगर सैनिक भी शामिल
जानकारी के अनुसार, जिला सेनानी कार्यालय में हर सोमवार और गुरुवार को परेड आयोजित होती है। कई सैनिक दूर-दराज के क्षेत्रों में तैनात हैं, जिनमें बड़ी संख्या में महिला नगर सैनिक भी शामिल हैं। दूर होने के कारण उन्हें परेड में शामिल होने के लिए एक दिन पहले ही मुख्यालय पहुंचना पड़ता है, जिससे मानसिक और आर्थिक परेशानी बढ़ रही है।

कई महिला सैनिक चली गई 18 दिनों की छुट्टी पर
कुछ महिला नगर सैनिकों को पहले से ही छूट दी गई थी, फिर भी नोटिस जारी कर दिए गए, जिसके बाद कई महिला सैनिक 18 दिनों की छुट्टी पर चली गईं। वहीं, सभी सैनिकों से कार्यालयीन समय में अलग-अलग तारीखों पर जिला सेनानी कार्यालय में उपस्थित होने को कहा गया है।
तनातनी का माहौल
जिला सेनानी प्रभारी ए.के. एक्का से इस संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। नगर सैनिकों ने एक साथ नोटिस पर हस्ताक्षर कर अपना विरोध दर्ज किया है। मामला ब्रिटिश काल के पुराने नियमों की वर्तमान प्रासंगिकता पर भी सवाल खड़ा कर रहा है। विभागीय कार्रवाई के बाद कोरबा जिला सेनानी कार्यालय और नगर सैनिकों के बीच तनातनी का माहौल बना हुआ है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



