
Korba:मुड़ापार मुक्तिधाम में कब्र खोदकर निकाली गई लाश, पांच दिन बाद हुई मृतक की पहचान
कोरबा: जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत भिलाई खुर्द रेलवे पूल के पास रेलवे ट्रैक पर मिली एक कटी हुई लाश के मामले में पांच दिन बाद मृतक की पहचान हो पाई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय तुलाराम बिंझवार के रूप में हुई, जो उरगा थाना क्षेत्र के बिरतराई गांव के निवासी थे। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी।

रेलवे ट्रैक पर मिली थी लाश
20 अगस्त की देर शाम भिलाई खुर्द रेलवे पूल के पास रेलवे ट्रैक पर एक कटी हुई लाश देखे जाने से हड़कंप मच गया था। मालगाड़ी के ड्राइवर ने इसकी सूचना तत्काल रेलवे पुलिस को दी। रेलवे पुलिस ने मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की जेब से एक बस टिकट मिला, जिसके आधार पर पुलिस ने पहचान की प्रक्रिया शुरू की।

पहचान के लिए पुलिस ने उठाए कदम
पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए व्हाट्सएप पर उसकी तस्वीर वायरल की और आसपास के क्षेत्रों में मुनादी कराई। इसके साथ ही जिले के विभिन्न थानों और चौकियों में भी सूचना दी गई। पांच दिन की कड़ी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान तुलाराम बिंझवार के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि तुलाराम अपने बेटे राजेश बिंझवार से मिलने रायगढ़ गए थे, जो वहां डाकघर में कार्यरत है। हालांकि, बेटे से मिले बिना ही वे वापस लौट रहे थे।
परिजनों ने व्हाट्सएप पर फोटो देखकर की पहचान
परिजन तुलाराम की तलाश में जुटे थे। व्हाट्सएप पर वायरल तस्वीर देखने के बाद उन्होंने मृतक की पहचान की और मानिकपुर पुलिस चौकी पहुंचे। शव को दो दिनों तक जिला मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखा गया था। पहचान न होने के कारण पुलिस और सामाजिक सेवा संस्था ने मिलकर मुड़ापार मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार कर दिया था।
कब्र खोदकर शव परिजनों को सौंपा गया
पहचान होने के बाद परिजनों ने शव को प्राप्त करने के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया। कोरबा तहसीलदार दीपक पटेल ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में मुड़ापार मुक्तिधाम में कब्र की खुदाई की गई। शव को निकालकर परिजनों को सौंप दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



