
Korba में SS प्लाजा में भीषण आग, कई दुकानें चपेट में
कोरबा। शहर के मध्य स्थित व्यावसायिक परिसर SS प्लाजा में सोमवार सुबह करीब 6 बजे भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे प्लाजा में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
पद्मिनी ज्वैलर्स और बालाजी स्टील को भारी नुकसान की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की चपेट में पद्मिनी ज्वैलर्स, बालाजी स्टील सहित कई अन्य दुकानें आ गई हैं। दुकानों में रखा सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री के जलने से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

10 दमकल वाहन मौके पर, आग पर काबू पाने की कोशिश जारी
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 10 दमकल वाहनों को बुलाया गया, जिनमें से पांच दमकल वाहन लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण राहत कार्यों में काफी दिक्कतें आ रही हैं।

पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली गई। आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए दमकलकर्मी घेराबंदी कर लगातार पानी की धार छोड़ रहे हैं।
महापौर और अधिकारी पहुंचे घटनास्थल
नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत सहित संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। राहत कार्य पूरे होने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



