
Korba में निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल ढही, दो वर्षीय मासूम की मौत
जेसीबी की टक्कर से हुआ हादसा, दो युवक गंभीर रूप से घायल
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल के ढहने से दो वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मण बन तालाब स्थित काली मंदिर के पास की है।
मलबा हटाने के दौरान गिरी दीवार
मिली जानकारी के अनुसार, एक फ्लैट के निर्माण कार्य के पीछे बनी बाउंड्री वॉल के दूसरी ओर जेसीबी मशीन से मलबा और रेत हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी के धक्के से दीवार का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया।
हादसे के समय आसपास से कुछ लोग गुजर रहे थे और पास में दो वर्षीय धनेश कर्ष खेल रहा था। दीवार गिरने से वह मलबे में दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दो युवक गंभीर, अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) भी मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में एक मोटरसाइकिल और पास में खड़ी सवारी ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गई।
आसपास के लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल कोरबा पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने पुष्टि की कि हादसे में एक बच्चे की मौत हुई है और दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका
घायल विशाल यादव ने बताया कि हादसे के समय चार-पांच लोग वहां मौजूद थे, तभी अचानक दीवार गिर गई और वे मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जेसीबी से मलबा हटाते समय सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



