
Korba में बड़ी चोरी, घर से नकदी, जेवर और बाइक ले उड़े चोर
रात में सोते रहे परिजन, अज्ञात चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छातापाठ में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने गंगाराम पटेल के घर से नकदी, सोने-चांदी के जेवर और एक बाइक चोरी कर ली। घटना के समय घर के सभी सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे।
धान बिक्री की रकम भी ले उड़े चोर
गंगाराम पटेल के अनुसार, चोर उनके घर से होंडा शाइन बाइक, एक वेट मशीन, करीब एक तोला सोना, दो जोड़ी पायल, कुछ तोला चांदी के आभूषण और लगभग 2 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। बताया गया कि यह नकदी धान बेचने के बाद घर में रखी गई थी।

सुबह खुली अलमारी देख मचा हड़कंप
सुबह जब गृहस्वामी के भाई की नींद खुली, तो उन्होंने कमरे की अलमारी खुली हुई और घर का सामान बिखरा देखा। आंगन में खड़ी बाइक भी गायब थी। इसके बाद तुरंत परिजनों को जगाया गया और घटना की सूचना 112 और उरगा थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि चोरी की घटना सामने आई है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। गांव में लोगों से पूछताछ की जा रही है।
अज्ञात चोरों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि चोरी कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



