
Chhattisgarh: Korba में आबकारी टीम पर ग्रामीणों का हमला, अधिकारी ढाई घंटे तक बंधक, वाहन में तोड़फोड़
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। उरगा थाना क्षेत्र के भैसमा गांव में आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान टीम प्रभारी को ढाई घंटे तक बंधक बनाए रखा गया, जबकि मुखबिर और वाहन चालक के साथ जमकर मारपीट की गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम प्रभारी नारायण सिंह कंवर के नेतृत्व में स्कॉर्पियो वाहन से भैसमा गांव में कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम में दो वर्दीधारी कर्मचारी, एक मुखबिर प्रमोद देवांगन और वाहन चालक शामिल थे। गांव पहुंचते ही किसी बात को लेकर टीम और स्थानीय ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।

टीम प्रभारी को बनाया बंधक
ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया और प्रभारी नारायण सिंह कंवर को करीब ढाई घंटे तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान मुखबिर और वाहन चालक को बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों ने कार्रवाई में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन में भी तोड़फोड़ की, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाई जान
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने समझाइश और कार्रवाई के बाद आबकारी टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल मुखबिर और वाहन चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



