
Korba: बैंक अफसर के घर चोरी का खुलासा, शातिर चोर और मां गिरफ्तार
तीन माह पहले जेल से छूटे आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम
कोरबा जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र में बैंक अफसर के घर हुई चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस चोरी को करीब तीन माह पहले जेल से रिहा हुए शातिर चोर ने अंजाम दिया था। आरोपी ने चोरी के जेवर अपनी मां की मदद से एक निजी फाइनेंस कंपनी में गिरवी रख दिए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में मां-बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रायपुर जाने के दौरान सूना पड़ा था मकान
मानिकपुर पुलिस चौकी अंतर्गत दादर मार्ग में बैंक अफसर राजू मोदी किराए के मकान में रहते हैं। उन्होंने रायपुर में जमीन खरीदी है, जिसकी रजिस्ट्री के सिलसिले में 6 फरवरी की सुबह रायपुर गए थे। 7 फरवरी की सुबह जब वे घर लौटे तो मकान के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। चोरों ने खिड़की के रास्ते घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे। इस संबंध में बैंक अफसर ने मानिकपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी।

एसपी के निर्देश पर तेज हुई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसपी लखन पटले और सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने अपनी टीम के साथ जांच शुरू की। मुखबिरों को सक्रिय किया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
सीसीटीवी से आरोपी की हुई पहचान
सीसीटीवी फुटेज में देर रात एक संदिग्ध व्यक्ति मकान के सामने घूमता हुआ दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने निहारिका साडा कॉलोनी, आवास क्रमांक डी-18 निवासी संजय वैष्णव उर्फ नीलू (31 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
मां की मदद से जेवर गिरवी रखे
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी में मिले जेवर उसने अपनी मां लव कुमारी वैष्णव (50 वर्ष) को दे दिए थे। मां ने इन जेवरों को मुथुट फाइनेंस में गिरवी रखकर 52 हजार रुपये प्राप्त किए थे। जानकारी मिलते ही पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों से संपर्क कर विधिवत तरीके से जेवर बरामद कर लिए।
11 लाख से अधिक की निकली जेवर की कीमत
पुलिस के अनुसार, चोरी गए जेवर की कीमत शिकायत में करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई थी, लेकिन वर्तमान बाजार मूल्य में इनकी कीमत लगभग 11 लाख 11 हजार रुपये आंकी गई है। यह तथ्य सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी संजय वैष्णव और उसकी मां लव कुमारी वैष्णव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305(1) और 317(5) के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने इस सफल कार्रवाई को टीमवर्क और तकनीकी साक्ष्यों का परिणाम बताया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



