
Korba: छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के 12 कार्यकर्ता गिरफ्तार, रोजगार को लेकर प्रदर्शन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कोरबा। स्थानीय बेरोजगारों को निजी कंपनी में रोजगार देने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने शनिवार सुबह जोरदार आंदोलन किया। प्रदर्शन शुरू होते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संगठन के 12 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। मामला एसईसीएल खदान में कार्यरत नीलकंठ कंपनी से जुड़ा है।
जानिए क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, संगठन के कार्यकर्ता कंपनी का गेट जाम करने पहुंचे थे, लेकिन पहले से तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को बस में भरकर कुसमुंडा थाने ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना का आरोप है कि कंपनी ने स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन न तो पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई और न ही सूचीबद्ध स्थानीय वाहन चालकों को काम पर रखा गया। इसके विपरीत कंपनी अन्य राज्यों से वाहन चालक बुलाकर काम करा रही है, जिससे स्थानीय युवाओं में रोष बढ़ गया है।
कार्यकर्ताओं से पूछताछ जारी
स्थानीय रोजगार को लेकर कई बार आवाज उठाई जा चुकी है, लेकिन कंपनी द्वारा बाहरी लोगों की भर्ती जारी रखने से नाराजगी चरम पर पहुंच गई है। पुलिस फिलहाल हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



