
Chhattisgarh : कौहापानी जंगल में बड़ा नक्सल विरोधी अभियान
जिला राजनांदगांव के थाना बोरतलाव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कौहापानी के पहाड़ी जंगल में नक्सल विरोधी संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ हुई, जिसमें जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) के निरीक्षक आशीष शर्मा शहीद हो गए।

स्थानीय इनपुट के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम रवाना
19 नवंबर को नक्सलियों की मौजूदगी की स्थानीय सूचना मिलने पर जिला बालाघाट (मप्र), गोंदिया (महाराष्ट्र), खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छग) और राजनांदगांव (छग) की संयुक्त पुलिस पार्टी अभियान के लिए रवाना हुई। प्रारंभिक सर्चिंग में ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसका बलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
300 अतिरिक्त जवानों की तैनाती, 4 दिन तक सघन खोज
मुठभेड़ के बाद नक्सलियों की घेराबंदी के लिए ऑपरेशन को और तेज किया गया। लगभग 300 अतिरिक्त बल को शामिल कर लगातार 3–4 दिनों तक सघन जंगल सर्चिंग की गई। ऑपरेशन के दूसरे चरण में एसटीएफ छत्तीसगढ़, डीआरजी राजनांदगांव और डीआरजी मोहला-मानपुर की महत्वपूर्ण भागीदारी रही।
नक्सली डेरे तक पहुंचे जवान, भारी मात्रा में सामान बरामद
•नक्सली वर्दियां एवं पिट्ठू
•लिखे दस्तावेज, डायरियां
•सोलर पैनल, चार्जिंग सेट
•खाना बनाने के बर्तन, टेंट व तिरपाल
•वॉकी-टॉकी सेट
•विस्फोटक सामग्री
•बड़ी मात्रा में राशन

तीन नक्सलियों के गंभीर रूप से घायल होने के संकेत
मुठभेड़ स्थल से कुछ दूरी पर भारी मात्रा में खून के धब्बे मिले हैं, जिनसे अनुमान है कि कम से कम तीन नक्सली गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
घायल नक्सलियों की मदद से ग्रामीणों ने किया इनकार
सूत्रों के अनुसार घायल साथियों के इलाज के लिए नक्सली दस्ता स्थानीय ग्रामीणों से दवा और डॉक्टर की व्यवस्था कराने का प्रयास कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने सहयोग करने से साफ इनकार कर दिया। यह सुरक्षा बलों के लिए एक महत्वपूर्ण सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
संयुक्त बल का अभियान आगे भी जारी रहेगा
अभियान में एसटीएफ बघेरा की 6 पार्टियां, डीआरजी मोहला और डीआरजी राजनांदगांव की टीमें शामिल रहीं। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के सुरक्षा बलों द्वारा ऐसे संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



