
डिजिटल सट्टे पर Khairagarh Police का एक्शन: गुरुग्राम में ‘शिवा बुक’ का नेटवर्क ध्वस्त, 5 आरोपी गिरफ्तार
खैरागढ़/गुरुग्राम | छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ एक बड़ी अंतरराज्यीय कार्यवाही करते हुए हरियाणा के गुरुग्राम में चल रहे डिजिटल सट्टे के काले साम्राज्य को नेस्तनाबूद कर दिया है। ‘शिवा बुक’ (Shiva Book) नामक एप के जरिए संचालित इस नेटवर्क के 5 प्रमुख गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच में करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन (ट्रांजैक्शन) का खुलासा हुआ है।

गुरुग्राम की हाईराइज बिल्डिंग में चल रहा था सट्टा
खैरागढ़ पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का पीछा करते हुए गुरुग्राम की एक बहुमंजिला इमारत में दबिश दी। वहां हाई-स्पीड वाई-फाई, वीपीएन और क्लाउड सर्वर की मदद से ‘शिवा बुक’ एप का संचालन किया जा रहा था। पुलिस से बचने के लिए आरोपी समय-समय पर अपने प्लेटफॉर्म का नाम बदलकर ‘100 पैनल’ और ‘फेयर प्ले’ कर देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- देवेंद्र सिंह: निवासी भिलाई (छत्तीसगढ़)
- हर्ष प्रजापति: निवासी भिलाई (छत्तीसगढ़)
- राजा मुखिया: निवासी दरभंगा (बिहार)
- उमेश मुखिया: निवासी दरभंगा (बिहार)
- मोतीलाल श्रीवास: निवासी जिला सक्ती (छत्तीसगढ़)
जप्ती और बैंक खातों पर एक्शन
पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने से सट्टे के कारोबार में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का जखीरा बरामद किया है:
- नगदी और बैंक बैलेंस: कुल ₹1,13,175 जप्त।
- इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स: 19 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 1 वाई-फाई राउटर।
- अन्य: 14 सिम कार्ड और 3 एटीएम कार्ड।
- बैंक खाते: ऑनलाइन जुए में इस्तेमाल हो रहे 7 ‘म्यूल’ खातों को फ्रीज (Seize) कर दिया गया है।
करोड़ों का ट्रांजैक्शन और सोशल मीडिया का जाल
जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क ने करीब 8 से 10 करोड़ रुपये का बैंक ट्रांजैक्शन किया है। ये लोग फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के जरिए युवाओं को आईडी-पासवर्ड देकर सट्टे के जाल में फंसाते थे। शुरुआत में छोटा फायदा दिखाकर बाद में बड़ी रकम दांव पर लगवाई जाती थी।

कड़ी धाराओं में केस दर्ज
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022, आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। खैरागढ़ पुलिस की इस कार्यवाही ने साफ कर दिया है कि अपराध चाहे कितना भी ‘हाईटेक’ हो, कानून के हाथ उन तक जरूर पहुँचेंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



