
Kawardha: लालपुर नर्सरी के पास खून से लथपथ अज्ञात शव मिला, हत्या की आशंका
गले और पेट पर चाकू के कई गहरे घाव, पुलिस जांच में जुटी
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले (कवर्धा) में रविवार शाम को कोतवाली थाना क्षेत्र के लालपुर नर्सरी के पास एक खून से लथपथ अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर गहन जांच में जुटी हुई है।
दो दिन पुराना लग रहा शव
सूत्रों के अनुसार, शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक अवलोकन में शव लगभग दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक के गले और पेट पर चाकू से किए गए कई गहरे घाव मिले हैं, जिससे साफ तौर पर बेरहमी से हत्या किए जाने का संकेत मिल रहा है।

पुलिस की जांच में तेजी
पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कवर्धा के एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि कोतवाली थाना अंतर्गत लालपुर नर्सरी के पीछे अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। शव की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट हो पाएगा।
जल्द पहचान और गिरफ्तारी का दावा
पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान जल्द ही कर ली जाएगी। शव के साथ कोई पहचान पत्र या मोबाइल नहीं मिला है, इसलिए आसपास के थानों और मिसिंग रिपोर्ट्स से मिलान किया जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि हत्यारों को जल्द ही पकड़कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



