
Kawardha: फर्जी TI बनकर अवैध वसूली करने वाला गिरफ्तार, तीन साथी फरार
धान परिवहन वाहनों से कर रहा था उगाही, ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ा
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से फर्जी अफसर बनकर अवैध वसूली करने का गंभीर मामला सामने आया है। खुद को पुलिस का टीआई बताकर गांव-गांव घूमकर धान परिवहन करने वाले वाहनों से अवैध उगाही कर रहे एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन अन्य साथी मौके से फरार हो गए।

केजेदाह गांव का मामला, तहसीलदार के वाहन का कर रहा था दुरुपयोग
मिली जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला कवर्धा जिले के केजेदाह गांव का है। आरोपी की पहचान रामकुमार श्रीवास के रूप में हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि वह खुद को पुलिस का टीआई बताकर अपने साथियों के साथ तहसीलदार के शासकीय वाहन में घूम रहा था और धान परिवहन कर रहे वाहनों को रोककर उनसे अवैध वसूली कर रहा था।

ग्रामीणों को हुआ शक, फर्जी टीआई को बनाया बंधक
जब ग्रामीणों को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ तो उन्होंने साहस दिखाते हुए रामकुमार श्रीवास को पकड़ लिया और उसे बंधक बना लिया। पूछताछ में उसकी बातों में विरोधाभास सामने आने पर ग्रामीणों का शक और गहरा हो गया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
तहसीलदार भी घिरे, कई घंटे चला हंगामा
घटना की सूचना मिलने पर लोहारा के तहसीलदार विवेक गुहैया मौके पर पहुंचे, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने उन्हें भी कई घंटों तक घेरकर रखा। ग्रामीण पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और बड़े गिरोह के खुलासे की मांग पर अड़े रहे।
बड़े अवैध उगाही गिरोह का हो सकता है खुलासा
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह संगठित अवैध उगाही गिरोह का मामला प्रतीत हो रहा है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किए जाने की संभावना है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



