
Kanker में अवैध गांजा खेती का भंडाफोड़
बाड़ी से 16.90 लाख रुपए के मादक पदार्थ जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
कांकेर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कांकेर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कानागांव में पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर की बाड़ी से लाखों रुपए मूल्य का गांजा जब्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम कानागांव में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन कर गांव में दबिश दी गई। जांच के दौरान कानागांव निवासी सुकालु राम उईके (50 वर्ष) के घर की बाड़ी में गांजे के पौधे लगाए गए पाए गए।

351 पौधे और 31 किलो से अधिक गांजा बरामद
पुलिस टीम ने तलाशी के दौरान बाड़ी से 351 छोटे-बड़े गांजे के पौधे बरामद किए। इन पौधों का कुल वजन 31 किलोग्राम से अधिक था। जब्त किए गए पौधों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है।
इसके अलावा आरोपी के कब्जे से एक नीले रंग की प्लास्टिक बोरी में 2 किलो 740 ग्राम सूखा गांजा भी बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपए बताई गई।
इस प्रकार पौधों और सूखे गांजे सहित कुल जब्ती की कीमत 16 लाख 90 हजार रुपए पहुंच गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अंतागढ़ शुभम तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर सुनियोजित तरीके से दबिश दी गई।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ NDPS Act के तहत प्रकरण दर्ज किया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला जेल कांकेर भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



