
Kanker में कॉलेज छात्रा के साथ दुष्कर्म, दो आरोपी गिरफ्तार
जंगल के रास्ते पर रोका, जान से मारने की धमकी; पुलिस की त्वरित कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक कॉलेज छात्रा के साथ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
शाम को कॉलेज से लौटते समय हुई वारदात
पीड़िता ने 8 जनवरी 2026 को थाना कांकेर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह शाम करीब 4:10 बजे कॉलेज से घर की ओर पैदल जा रही थी। ग्राम पथरी जाने वाले रास्ते पर जंगलवार कॉलेज के दूसरे गेट के पास आरोपी यश साहू और उसका साथी जितेंद्र उर्फ जीतू साहू ने उसका रास्ता रोक लिया।

जबरन जंगल ले जाकर किया दुष्कर्म
शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों ने छात्रा को जबरन जंगल की ओर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद उन्होंने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी और किसी को भी घटना बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
डर के बाद परिजनों को बताया सच
घटना से भयभीत छात्रा किसी तरह घर पहुंची और अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों के साथ वह थाना पहुंची, जहां पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी सलाखों के पीछे
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांकेर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। जांच के दौरान आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए और दोनों आरोपियों यश साहू एवं जितेंद्र उर्फ जीतू साहू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



