
Kanker : 21 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, रेड कारपेट बिछाकर हुआ स्वागत
कांकेर। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले के दो एरिया कमेटियों से जुड़े 21 नक्सलियों ने बुधवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण कार्यक्रम जंगलवार कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ, जहां इन सभी नक्सलियों का रेड कारपेट बिछाकर भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में शामिल बस्तर रेंज के IG पी. सुंदरराज ने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को भारतीय संविधान की प्रति भेंट की और कहा —
“अब समय है बंदूक छोड़कर संविधान का रास्ता अपनाने का। जो समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उनका स्वागत है। हिंसा का रास्ता अपनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

नई रणनीति का असर दिखा
IG सुंदरराज ने बताया कि पुलिस अब नक्सलवाद के खिलाफ अपनी रणनीति में बदलाव कर रही है। अब मुठभेड़ के बजाय आत्मसमर्पण को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि गुमराह लोग शांति और विकास की राह पर लौट सकें।
उन्होंने बताया कि इसी माह जगदलपुर में 208 नक्सलियों ने 109 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया था, और अब कांकेर में 21 नक्सलियों ने भी 18 हथियार पुलिस को सौंपे हैं।
नक्सल संगठन की कमर टूटी
IG ने खुलासा किया कि एक समय था जब नक्सल संगठन के पोलित ब्यूरो और सेंट्रल कमेटी में 45 सदस्य होते थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर सिर्फ 6 से 7 रह गई है। उन्होंने दक्षिण बस्तर के जंगलों में छिपे नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर शांति का रास्ता अपनाने की अपील की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



