
Durg : ज्वेलर्स दुकान में चोरी की कोशिश नाकाम, दो आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। जामुल थाना पुलिस ने कैलाश नगर स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में चोरी का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को वारदात से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की तत्परता से बड़ा अपराध टल गया।
रात में दुकान बंद कर गया था संचालक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिलाई हाउसिंग बोर्ड निवासी गोपाल चैरसिया की कैलाश नगर मोहनी मंगल के पास “चैरसिया ज्वेलर्स” नाम से दुकान है। 13 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे।

सुबह पड़ोसियों ने दी सूचना
14 जनवरी की सुबह करीब 4 बजे पड़ोसियों ने दुकान से आवाज आने की सूचना दी, जिसके बाद प्रार्थी ने तत्काल जामुल पुलिस को खबर की।
पुलिस पहुंचते ही भागने लगे आरोपी
सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस वाहन को देखते ही दो संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में किया जुर्म कबूल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय ठाकुर (24 वर्ष), निवासी खैरा, थाना साजा जिला बेमेतरा और आशीष वर्मा (28 वर्ष), निवासी ग्राम सण्डी, थाना गंडई जिला केसीजी के रूप में हुई। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की नीयत से दुकान की दीवार तोड़ने की बात स्वीकार की।

चोरी के औजार जब्त, जेल भेजे गए आरोपी
आरोपियों के कब्जे से सब्बल और लोहे की रॉड जब्त की गई। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत धारा 331(4), 305 एवं 62 बीएनएस में मामला दर्ज किया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



