
Bilaspur: JCB दिलाने का झांसा, 20 लाख की ठगी
फाइनेंस कंपनी की जब्त जेसीबी बेचने का झूठा सौदा, आरोपी फरार
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में जेसीबी दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फाइनेंस कंपनी की जब्त जेसीबी बताकर किया सौदा
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार शहडोल जिले के जैतपुर कलहथा निवासी मोहम्मद शाहनवाज खान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि तालापारा निवासी बाबा खान ने फोन कर फाइनेंस कंपनी द्वारा खींची गई जेसीबी बेचने की बात कही थी। बातचीत के बाद जेसीबी खरीदने का सौदा तय हो गया।

आरटीजीएस से किए 20 लाख रुपये ट्रांसफर
पीड़ित के अनुसार उन्होंने बाबा खान और भरत गुप्ता को जेसीबी खरीदने के एवज में 16 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से दिए। इसके बाद बैंक के दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर 4 लाख रुपये और ट्रांसफर किए गए। कुल मिलाकर 20 लाख रुपये आरोपियों को दिए गए।
दूसरे को बेच दी गई जेसीबी
जब लंबे समय तक जेसीबी उनके नाम पर ट्रांसफर नहीं हुई तो पीड़ित ने जेसीबी संचालक राज देवांगन से संपर्क किया। वहां से जानकारी मिली कि बैंक की राशि जमा नहीं होने के कारण जेसीबी किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी गई है।
मोबाइल बंद, आरोपी फरार
इस जानकारी के बाद पीड़ित ने बाबा खान और भरत गुप्ता से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों के मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहे थे। खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए मोहम्मद शाहनवाज खान ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का केस
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



